Sunday, November 20, 2016

पेट दर्द का बहाना कर आए, प्रसव कराकर नाबालिग को किया गायब

भिंड। पेट दर्द का बहाना कर कुछ लोग नाबालिग को लेकर जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। डॉक्टर ने चेकअप के बाद माजरा समझा तो नाबालिग को मैटरनिटी में भेज दिया। मैटरनिटी वार्ड में नाबालिग ने बेटे को जन्म दिया।
प्रसव होते ही साथ आए परिजन नाबालिग को लेकर अस्पताल से गायब हो गए। मामला 16 नवंबर की रात का है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन पर भी संदेह कर रही है कि आखिर कौन सी बजह थी कि नाबालिग के प्रसव की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।



यह है पूरा मामला
जिला अस्पताल में 16 नवंबर की रात में बबेड़ी गांव से कुछ लोग करीब 15 वर्षीय नाबालिग को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहंुचे। यहां साथ आई महिला ने खुद को नाबालिग की मां बताते हुए कहा कि बेटी ने कुछ खा लिया है, जिससे दर्द हो रहा है और पेट फूल रहा है।
डॉक्टर ने चेकअप किया तो पाया कि नाबालिग को प्रसव पीड़ा हो रही है। ट्रॉमा सेंटर से नाबालिग को मैटरनिटी वार्ड में भेज दिया गया। यहां नाबालिग किशोरी ने रात करीब 12 बजे बेटे को जन्म दिया। जन्म के कुछ समय बाद परिजन नाबालिग को लेकर अस्पताल से गायब हो गए। बच्चे को एसएनसीयू में एडमिट कर दिया गया।
रिकॉर्ड में 19 साल बताई उम्र
रविवार को देहात टीआई शेर सिंह के पास अस्पताल चौकी प्रभारी एएसआई जगदीश प्रसाद ने बताया कि कुछ लोग बच्चे को लेने आए हैं। टीआई ने एएसआई से कहा कि डॉक्टर से कहकर आएं कि पुलिस की सूचना बिना बच्चा नहीं दिया जाए।
एएसआई डॉक्टर के पास पहुंचे तो बच्चे को लेने आए लोग चले गए। रिकॉर्ड चेक किया तो नाबालिग की उम्र 19 साल लिखवाई गई है। टीआई शेर सिंह का कहना है कि इस पूरे मामले में अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ भी संदेह के घेरे में है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. केके दीक्षित का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। मैटरनिटी प्रभारी डॉ चित्रा महेश्वरी ने कहा है कि रात में प्रसव हुआ था वह लड़की सुबह गायब हो गई। पुलिस को इसकी सूचना दी थी।


EmoticonEmoticon